
उदयपुर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में एक चिकित्सक के साथ शातिर अंदाज में चोरी की वारदात सामने आई है। बदमाश ने पहले कार में तेल लीकेज होने का झांसा दिया और फिर इंजन पर जलता हुआ ऑयल डालकर ऐसा माहौल बनाया कि चालक और उसकी पत्नी को तुरंत कार से बाहर निकलना पड़ा। इसी दौरान कार में रखा ब्रीफकेस चोरी कर आरोपी फरार हो गया। पुलिस के अनुसार गोवर्धन विलास स्थित जीवनतारा कॉम्पलेक्स निवासी चिकित्सक डॉ. गोकुलनारायण शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 19 जुलाई की शाम करीब 5 बजकर 45 मिनट पर वह अपनी पत्नी के साथ भोपालपुरा सेघर लौट रहे थे। उदियापोल चौराहे से आगे मेन रोड पर एक युवक दौड़कर उनकी कार के पास आया और उनकी पत्नी से कहा कि कार से तेल लिकेज हो रहा है। इस सूचना पर डॉक्टर ने कुछ दूरी पर कार रोककर जांच की। इसी दौरान कार की ग्रिल के पास से तेल गिरता दिखाई दिया। जब उन्होंने बोनट खोलकर देखा तो कुछ ही मिनटों में इंजन से धुआं उठने लगा। धुएं के कारण उनकी पत्नी को तेज खांसी आने लगी और दोनों कार से बाहर आ गए। सांस लेने में भी परेशानी होने लगी। डॉ. शर्मा ने अपने बेटे को फोन किया। इसके बाद उनका बेट ने अपने साथ काम करने वाले विनोद और भतीजे यशपाल को मौके पर भेजा। दोनों ने कार की जांच की तो पता चला कि वाहन में कहीं भी तेल लीकेज नहीं था। इसके बाद वे डॉक्टर और उनकी पत्नी को घर छोड़ने पहुंचे। घर पहुंचकर सामान निकालते समय कार में रखा ब्रीफकेस गायब मिला। ब्रीफकेस में ब्लड प्रेशर मापने का उपकरण, स्टेथोस्कोप, विजिटिंग कार्ड, दो छोटी टॉर्च, महत्वपूर्ण दस्तावेज और एक लिफाफे में करीब 28 हजार रुपए नकद रखे हुए थे। सूरजपोल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
22 Jul 2026